खूंटी: यह बड़ा हादसा है। इसमें सात लोगों की मौत हो गई है। ऐसे भी मौत आती है, यह कोई समझ नहीं सकता है। गुरुवार रात यह घटना हुई है। कई घायल हैं। यह हादसा जोने – लुदरु मोड़ के समीप हुआ।
खूंटी के कर्रा थाना क्षेत्र के कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर जोने-लुदरू मोड़ के समीप गुरुवार की रात करीब 9:45 बजे भीषण सड़क दुर्घटना हुई।इसमें करीब सात लोगों की मौत हो गई है।जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, कर्रा रेलवे स्टेशन से तोरपा जाने वाली सड़क पर कॉलोनी के समीप तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदते हुए पुलिया तोड़कर गड्ढे में जा गिरा।घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुरुवार रात करीब 9:30 बजे एक स्कूटी दुर्घटनाग्रस्त हुई थी. दुर्घटना की आवाज सुनकर जोने-लुदरू मोड़ के समीप कॉलोनी के लोग घटनास्थल देखने के लिए सड़क पर निकले थे।इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ तथा सीएचसी कर्रा के स्वास्थ्यकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस ने दो घायल बच्चों को तत्काल सीएचसी कर्रा पहुंचाया है ।जबकि अन्य घायलों को थाना वाहन से सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया। दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति बनी हुई है। ग्रामीण काफी गुस्से हैं। सड़क जाम किया गया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने इस हादसे पर दुख जताया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी इस हादसे पर शोक जताया है।राज्यसभा सांसद और उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी प्रदीप वर्मा ने इस दुर्घटना पर दुःख जताया है।

