रांची: यह महत्वपूर्ण समाचार है। चैंबर के प्रतिनिधि सरकार के निर्णय से नाखुश हैं। इसको लेकर संगठन गंभीर है।फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के वर्तमान सत्र की कार्यकारिणी समिति की तीसरी बैठक चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल की अध्यक्षता में चैंबर भवन में संपन्न हुई। राज्य की बाजार समितियों में आवंटित दुकानों एवं गोदामों के किराये में एकतरफा वृद्धि के निर्णय पर कार्यकारिणी समिति द्वारा आपत्ति जताई गई।
यह कहा गया कि व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डालने वाले ऐसे महत्वपूर्ण निर्णय संबंधित व्यापारिक संगठनों एवं स्टेकहोल्डर्स से विमर्श किए बिना लागू करना उचित नहीं है। इससे व्यापारियों में असंतोष बढ़ने के साथ ही बाजार समितियों की व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो सकती हैं। चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने इस विषय पर जल्द ही माननीय कृषि मंत्री से मिलकर वार्ता करने का आश्वासन दिया।
कोयलांचल प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा ने गिरिडीह में सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक नो-इंट्री के कारण औद्योगिक इकाइयों को कच्चे माल की ढुलाई में हो रही परेशानी तथा डेमरेज एवं व्हार्फेज शुल्क से बढ़ती लागत पर चिंता जताई। उन्होंने जिले में बाईपास सड़क निर्माण को आवश्यक बताया और न्यू गिरिडीह होकर स्वीकृत गया–संतरागाछी एक्सप्रेस एवं मधुपुर–चोपन रेल सेवाओं का परिचालन शीघ्र शुरू कराने की मांग की। नॉर्थ छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विनय अग्रवाल ने रामगढ़ जिले के गोला क्षेत्र में नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना तथा बोकारो औद्योगिक क्षेत्र की बदहाल स्थिति में सुधार के लिए जियाडा से आवश्यक हस्तक्षेप की मांग की। उन्होंने रांची–हजारीबाग मार्ग से राजधानी एक्सप्रेस के परिचालन, रांची रोड रेलवे स्टेशन की स्थिति में सुधार तथा हजारीबाग–चतरा–गया नई रेल लाइन के निर्माण के लिए संबंधित रेलवे प्राधिकार से आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया। चैंबर अध्यक्ष ने इन सभी मुद्दों पर फेडरेशन के स्तर से हरसंभव पहल करने का आश्वासन दिया।
साउथ छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष दामोदर कसेरा ने जिले में सिक्कों की कमी के कारण छोटे दुकानदारों को हो रही परेशानियों से अवगत कराया। पलामू प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमित जायसवाल ने मेदिनीनगर में यातायात व्यवस्था की बदहाल स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए ट्रैफिक डीएसपी की पदस्थापना की आवश्यकता बताई। साथ ही जिले में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए नए औद्योगिक क्षेत्र की स्थापना में फेडरेशन से सहयोग का आग्रह किया। कोल्हान प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने जमशेदपुर एवं आसपास के यात्रियों की सुविधा के लिए धालभूमगढ़ एयरपोर्ट को शीघ्र चालू करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने नेमरा में उच्चस्तरीय शैक्षणिक संस्थान एवं अत्याधुनिक चिकित्सकीय अस्पताल स्थापित करने का सुझाव देते हुए कहा कि इससे झारखण्ड के लोगों को शिक्षा एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भरता कम करनी पड़ेगी। चैंबर अध्यक्ष ने इन सुझावों पर अग्रतर पहल के लिए माननीय मुख्यमंत्री से वार्ता करने का आश्वासन दिया। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्रीय स्तर पर उद्योगों की समस्याओं के प्रभावी समाधान के लिए जियाडा की पीसीसी एवं एलएसी में क्षेत्रीय उपाध्यक्षों के मनोनयन की पहल की जाएगी।
बैठक में फेडरेशन के वर्तमान सत्र की गतिविधियों के आयोजन हेतु सर्वसम्मति से कुल 75 उप समितियों एवं उनके चेयरमेन का मनोनयन किया गया। उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय ने बताया कि कुछ अन्य उप समितियों का गठन कार्यकारिणी समिति की अगली बैठक में किया जाएगा। बैठक में बस परमिट के नवीनीकरण में हो रही समस्याओं पर भी चर्चा की गई। व्यवसायियों को हो रही परेशानी को देखते हुए चैंबर अध्यक्ष ने विभागीय सचिव से इस मुद्दे पर शीघ्र वार्ता के लिए आश्वस्त किया।
झारखंड में भूमि एवं भवन की खरीद-बिक्री पर निबंधन शुल्क में 10 प्रतिशत की वृद्धि के निर्णय पर सदस्यों ने चिंता व्यक्त की। चैंबर महासचिव रोहित अग्रवाल ने कहा कि इस निर्णय से आम लोगों एवं व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने इस मुद्दे पर विभागीय सचिव से पुनर्विचार का आग्रह किया।
सह सचिव पूजा ढाढा एवं सह सचिव अमित शर्मा ने संयुक्त रूप से चैंबर की सदस्यता के लिए प्राप्त नए आवेदनों को प्रस्तुत किया, जिन्हें कार्यकारिणी समिति ने अनुमोदित किया। रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पुनर्निर्माण कार्य के कारण इसके बंद होने से यात्रियों एवं यातायात व्यवस्था पर पड़ने वाले प्रभाव को देखते हुए कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग ने रांची रेल मंडल के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वार्ता करने की बात कही।
सदस्यों ने सुझाव दिया कि प्लेटफॉर्म संख्या-1 बंद होने से पूर्व सभी संबंधित ट्रेनों का ठहराव नामकुम एवं अरगोड़ा रेलवे स्टेशनों पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि रांची स्टेशन रोड पर यातायात का अतिरिक्त दबाव न बढ़े और यात्रियों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
बैठक में चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा, कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, विजय आनंद मुनका, विनय अग्रवाल, दामोदर कसेरा, अमित जायसवाल, कार्यकारिणी सदस्य अमित अग्रवाल, अमित किशोर, अनिल अग्रवाल, आस्था किरण, डॉ. अभिषेक रामाधीन, ज्योति कुमारी, मोनिका गोयनका, मुकेश अग्रवाल, प्रवीण लोहिया, राहुल साबू, राम बांगड़, पूर्व अध्यक्ष ललित केडिया, अरुण बुधिया, मनोज नरेड़ी, बिकास सिंह, परेश गट्टानी, जिला चैम्बर एवं सम्बद्ध संस्था से अमित साहू, दीपक मुरारका, राजीव खंडेलवाल, राजेश लोहानी, प्रणय कुमार, अजय कुमार, राज कुमार अग्रवाल, शिव बिरला, शिवम् जयसवाल उपस्थित थे। कार्यकारिणी सदस्य राहुल साबू ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। बैठक के अंत में कार्यकारिणी समिति ने चैम्बर के पूर्व उप समिति चेयरमैन स्व. योगेंद्र पोद्दार के निधन पर मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

