PostNxt - Breaking News
Advertisement

झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस सादगी से आयोजित हुआ, मुख्यमंत्री ने 2050 का लक्ष्य निर्धारित किया।

Rajesh Kumar

Rajesh Kumar

Nov 22, 2026 · 11:57 PM
Share:
झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस सादगी से आयोजित हुआ, मुख्यमंत्री ने 2050 का लक्ष्य निर्धारित किया।
Advertisement

रांची: झारखंड विधानसभा का स्थापना दिवस समारोह सादगी के साथ मना। यह विधानसभा 22 नवम्बर,2000 में गठित हुई थी। परंपराओं का निर्वहन किया गया। इसका उद्घाटन राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि को जनता के भरोसे परखरा उतरना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि इंग्लैंड में आम जनता अपनी समस्या को पत्र से लिखकर सरकार तक भेजती है। काम हो जाता है। लेकिन भारत में उल्टा है। यहां तो पत्र कूड़ेदान में फेंक दिया जाता है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि सरकार को जनता की बात सुननी चाहिए। इसकी झारखंड में कमी है।राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री  हेमन्त सोरेन आज झारखंड विधानसभा परिसर में आयोजित झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस समारोह में सम्मिलित हुए। इस मौके पर राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट विधायक, विधानसभा के पूर्व सदस्यों, उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा कर्मियों तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर राज्य का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

इस वर्ष उत्कृष्ट विधायक के रूप में मझगांव के विधायक  निरल पूर्ति को सम्मानित किया गया। वहीं, विधानसभा के पूर्व सदस्यों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले विधानसभा के पदाधिकारियों एवं कर्मियों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर झारखंड विधानसभा की मासिक पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन तथा ‘विधानमंडल का व्याकरण’ पुस्तक का लोकार्पण किया गया।

इस खास समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड विधानसभा के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आज हम सभी झारखंड विधानसभा की 26वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। राज्य का यह सबसे बड़ा लोकतांत्रिक मंदिर है। लोकतंत्र के इस पवित्र मंदिर में सभी समान हैं। यह केवल एक संस्थान नहीं, बल्कि इंसानियत, मानवता और लोकतांत्रिक मूल्यों का प्रतीक है। इस मंदिर की ताकत और इसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था का लोहा पूरी दुनिया मानती है।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि विधानसभा में विभिन्न संवैधानिक पदों पर आसीन जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं समितियां हैं, जिनकी अपनी-अपनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां हैं। सभी का उद्देश्य राज्य के विकास, जनकल्याण और जनमानस के हितों की रक्षा करना है। विधानसभा लोकतांत्रिक व्यवस्था का वह महत्वपूर्ण मंच है, जहां राज्य के भविष्य, नीतियों और आम नागरिकों के हित से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श होता है।मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड ने कई क्षेत्रों में अपनी नीतियों और योजनाओं के माध्यम से देश के सामने एक अलग पहचान बनाई है। विशेषकर महिला सशक्तिकरण और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्षेत्र में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना देश के अन्य राज्यों में भी हो रही है। झारखंड की योजनाओं और कार्यप्रणाली से दूसरे राज्य भी प्रेरणा ले रहे हैं। यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है।उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और कार्यों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे, यह हमारी प्राथमिकता है। हमें इस दिशा में और अधिक प्रतिबद्धता एवं समर्पण के साथ आगे बढ़ना है, ताकि विकास की मुख्यधारा से कोई भी व्यक्ति वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आगे कहा कि आने वाले वर्ष 2050 तक हमारा झारखंड कैसा होगा, राज्य विकास के किन नए आयामों को प्राप्त करेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए हम कैसी व्यवस्था तैयार करेंगे, इन सभी विषयों को ध्यान में रखकर राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। हमारा प्रयास है कि झारखंड को एक विकसित, समृद्ध और सशक्त राज्य के रूप में स्थापित किया जाए।

उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण के पीछे हमारे पूर्वजों, आंदोलनकारियों और राज्यवासियों का लंबा संघर्ष एवं बलिदान रहा है। अलग झारखंड राज्य के आंदोलन में जिन लोगों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया, उनके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। राज्य की आने वाली पीढ़ियों तक विकास का लाभ पहुंचे और उनके लिए बेहतर भविष्य का निर्माण हो, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है। झारखंड विधानसभा लोकतंत्र का वह पवित्र मंदिर है, जहां राज्य के जनसामान्य के हितों को सर्वोपरि रखते हुए निर्णय लिए जाते हैं। हम सभी को अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ करना चाहिए, ताकि लोकतांत्रिक संस्थाओं के प्रति आम जनता का विश्वास और मजबूत हो।

*_इस समारोह में झारखंड विधानसभा के  अध्यक्ष  रवींद्रनाथ महतो, माननीय संसदीय कार्य मंत्री  राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष  बाबूलाल मरांडी,  मुख्य सचेतक  मथुरा प्रसाद महतो,  मुख्य सचेतक  नवीन जायसवाल, उत्कृष्ट विधायक निरल पूर्ति, झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव  रंजीत कुमार सहित विधायकगण, पूर्व विधायकगण, विधानसभा के पदाधिकारी एवं कर्मी तथा अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।

 

Found this article helpful? Share it:

Share: