रांची: तस्वीरें बोलती हैं। वे बात करती हैं। भाव प्रकट करती हैं। फोटो देखकर लोग तसव्वुर में खो जाते हैं। फोटो वर्तमान को अतीत के पन्नों में संजोने का माध्यम हैं। इसको लेकर विश्व भर में कार्यक्रम का आयोजन होता है। प्रदर्शनी लगती हैं।सरला बिरला विश्वविद्यालय (SBU), रांची के पत्रकारिता एवं जनसंचार संकाय तथा शटरबग्स क्लब द्वारा विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर आयोजित दो दिवसीय कार्यशाला, संगोष्ठी एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिता ‘पिक्सल स्पंदन’ में पत्रकारिता एवं जनसंचार के छात्र अमन सोय ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
खूबसूरत और अर्थपूर्ण फोटो के लिए यह पुरस्कार मिला है।अमन सोय को प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹4,100 प्रदान किए गए। सौम्या कुजूर ने ₹3,100 के साथ द्वितीय तथा अर्पिता तिग्गा ने ₹2,100 के साथ तृतीय पुरस्कार प्राप्त किया। उभरती प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए पांच सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को ‘प्रकृति’, ‘जनजातीय संस्कृति’ और ‘अपनी रांची’ तीन विषयों पर अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करने का अवसर मिला। प्रतिभागियों ने अपनी तस्वीरों के माध्यम से प्रकृति की सुंदरता, जनजातीय विरासत तथा रांची के दैनिक जीवन और पहचान को विभिन्न रचनात्मक दृष्टिकोणों से प्रस्तुत किया।
दो दिवसीय कार्यक्रम में प्रसिद्ध फोटोग्राफरों कुलदीप सिंह ‘दीपक’, दिवाकर प्रसाद और संजय बोस ने तकनीकी सत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों के साथ अपने व्यावसायिक अनुभव साझा किए तथा फोटोग्राफी और दृश्य कथाकथन के विभिन्न पहलुओं पर व्यावहारिक जानकारी दी।कार्यक्रम के समापन सत्र का नेतृत्व नई दिल्ली के ट्रैवल एवं एस्ट्रोफोटोग्राफर, सोनी आर्टिसन तथा सोनी इंडिया के फोटोग्राफी इन्फ्लुएंसर निमित निगम ने किया। फाइन आर्ट्स प्रशिक्षित निगम सोनी अल्फा की मास्टरक्लास और कार्यशालाएं संचालित करते हैं तथा नेशनल ज्योग्राफिक, गेटी इमेजेज और स्पेस डॉट कॉम जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान बना चुके हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्ट्रीट फोटोग्राफी, कंपोजिशन, कैमरा एंगल और दृश्य कथाकथन के संबंध में व्यावहारिक जानकारी दी। साथ ही, उन्होंने विद्यार्थियों को अपने आसपास की चीजों को ध्यानपूर्वक देखने तथा प्रत्येक तस्वीर के पीछे छिपी कहानी और भावनाओं को समझने के लिए प्रेरित किया।
इस कार्यक्रम का समापन समापन समारोह एवं पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। विश्वविद्यालय के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक, कुलपति प्रो सी जगनाथन एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए आयोजक मंडली को शुभकामनाएं दी है।

