राजस्थान में खेत में दबाए 5 लाख रुपये, एक साल बाद मिले तो दीमक ने कर दिया बर्बाद
बारिश से बचाने के लिए मांगीलाल ने जमीन में छिपाए थे पैसे, खेत की जुताई के दौरान मिली नोटों से भरी थैली; अब बैंक से रकम बदलने की उम्मीद
राजस्थान के बालोतरा जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पचपदरा के नेवाईं गांव में रहने वाले 60 वर्षीय मांगीलाल मेघवाल ने करीब एक साल पहले पांच लाख रुपये खेत में दबा दिए थे। उन्होंने यह रकम अपना प्लॉट बेचकर जुटाई थी और इससे परिवार के लिए पक्का घर बनाना चाहते थे।
मांगीलाल के मुताबिक, उस समय बारिश का मौसम था और उनका कच्चा मकान पानी से बच नहीं पाता था। उन्हें डर था कि घर में रखे पैसे भीगकर खराब हो जाएंगे। इसलिए उन्होंने पांच लाख रुपये एक थैली में रखे और खेत में दबा दिए। लेकिन अगले दिन वह यह भूल गए कि पैसे किस जगह छिपाए थे।
एक साल बाद जुताई में मिली पैसों की थैली
काफी तलाश के बाद भी जब पैसे नहीं मिले तो परिवार ने उम्मीद छोड़ दी। करीब एक साल बाद छह अगस्त को खेत की जुताई कराई गई। अगले दिन मांगीलाल की पत्नी और बेटा खेत पहुंचे तो उन्हें मिट्टी से बाहर निकली एक थैली दिखाई दी। थैली खोलने पर उसमें वही रुपये मिले, लेकिन नोट बुरी तरह खराब हो चुके थे और उन पर दीमक लग चुकी थी।
परिवार बैंक पहुंचा, लेकिन ज्यादा खराब नोटों को देखकर उन्हें जयपुर जाने की सलाह दी गई। अब मांगीलाल को उम्मीद है कि किसी तरह उनकी रकम वापस मिल सकेगी। रिजर्व बैंक के एक अधिकारी के मुताबिक, बहुत ज्यादा खराब नोटों के लिए एक विशेष प्रक्रिया होती है, जिसके तहत उन्हें बदलने की संभावना रहती है।
मांगीलाल का परिवार आज भी कच्चे मकान में रहता है और बारिश के दिनों में छत टपकती है। उनकी सबसे बड़ी चिंता यही है कि क्या इन खराब नोटों के बदले उन्हें पैसे मिल पाएंगे, ताकि परिवार के लिए पक्का घर बनाया जा सके।

