PostNxt - Breaking News
Advertisement

108 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल इन शर्तों पर समाप्त हुई, सम्मान फाउंडेशन का हटाने का फैसला।

Rajesh Kumar

Rajesh Kumar

Nov 23, 2026 · 12:24 AM
Share:
108 एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल इन शर्तों पर समाप्त हुई, सम्मान फाउंडेशन का हटाने का फैसला।
Advertisement

 

रांची : यह राहत देने वाली ख़बर है। एंबुलेंस कर्मचारियों की हड़ताल ख़त्म हो गई है। कई विषयों पर वार्ता हुई है। सरकार और आंदोलनकारी पक्ष सहमत हो गए हैं।

झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के नेतृत्व में राज्यभर के 108 एम्बुलेंस कर्मचारियों द्वारा अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जारी राज्यव्यापी हड़ताल को आज दिनांक 22 नवंबर 2026 को त्रिपक्षीय वार्ता के बाद समाप्त करने की घोषणा की गई।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अभियान निदेशक महोदय के निर्देशानुसार नामकुम स्थित RCH सभागार में स्वास्थ्य विभाग, एम्बुलेंस संचालन कंपनी सम्मान फाउंडेशन एवं झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ के प्रतिनिधियों के बीच त्रिपक्षीय वार्ता आयोजित की गई। बैठक में संघ द्वारा उठाई गई सभी मांगों पर सहमति बनी तथा उनके क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से आदेश भी जारी किए गए।

बैठक में हुए प्रमुख निर्णय एवं सहमतियां निम्नलिखित हैं :

1. सम्मान फाउंडेशन कंपनी को दो महीने के भीतर हटाया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्तमान एम्बुलेंस संचालन कंपनी सम्मान फाउंडेशन को आगामी दो महीने के भीतर कार्य से हटा दिया जाएगा।

2. 22 अक्टूबर 2026 के समझौते को लागू किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव एवं संघ के प्रतिनिधियों के बीच दिनांक 22 अक्टूबर 2026 को हुई बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को नई कंपनी के चयन के बाद प्रभावी रूप से लागू किया जाएगा। इसके तहत निम्नलिखित व्यवस्थाओं पर सहमति बनी है।

कर्मचारियों की सेवा सुरक्षा एवं मनमानी बर्खास्तगी पर रोक: अब कंपनी अपनी मनमर्जी से किसी भी कर्मचारी को नौकरी से नहीं निकाल सकेगी। किसी कर्मचारी के विरुद्ध शिकायत या गलती का मामला सामने आने पर राज्य एनएचएम टीम, संबंधित जिले के सिविल सर्जन एवं कर्मचारी संघ की सहभागिता में जांच की जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई होगी।

वेतन भुगतान में पारदर्शिता के लिए एस्क्रो अकाउंट: कर्मचारियों के वेतन भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए एस्क्रो अकाउंट की व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी है। इसके माध्यम से स्वास्थ्य विभाग वेतन भुगतान की निगरानी कर सकेगा तथा मनमानी वेतन कटौती और भुगतान संबंधी अनियमितताओं पर रोक लगेगी।

एम्बुलेंस खराब रहने या केस नहीं मिलने पर वेतन कटौती नहीं होगी: यदि एम्बुलेंस खराब रहती है अथवा कर्मचारियों को केस नहीं मिलता है, तो ऐसी स्थिति में कर्मचारियों के वेतन में कटौती नहीं की जाएगी, क्योंकि इसके लिए कर्मचारी जिम्मेदार नहीं हैं।

समय पर वेतन एवं श्रम संबंधी सुविधाएं: कर्मचारियों को समय पर वेतन, न्यूनतम मजदूरी, EPF, ESIC, अवकाश, जीवन बीमा एवं बोनस जैसी सुविधाएं सुनिश्चित करने पर सकारात्मक सहमति बनी है।

बायोमेट्रिक डिवाइस से बनेगी उपस्थिति: सभी एम्बुलेंस में बायोमेट्रिक डिवाइस लगाए जाएंगे, जिससे कर्मचारियों की उपस्थिति दर्ज की जाएगी।

नई बहाली पर एनएचएम की अनुमति अनिवार्य: कंपनी अब अपनी मनमर्जी से नए कर्मचारियों की बहाली नहीं कर सकेगी । किसी भी नए कर्मचारी की नियुक्ति से पहले राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

3. फरवरी 2025 से अब तक की वेतन एवं EPF-ESIC कटौती की जांच।

फरवरी 2025 से अब तक कर्मचारियों के वेतन तथा EPF एवं ESIC में की गई मनमानी कटौती की जांच कराकर 30 दिनों के भीतर बकाया राशि का भुगतान सुनिश्चित करने पर सहमति बनी है।

4. दो माह का बकाया वेतन 48 घंटे के भीतर भुगतान।

कर्मचारियों के दो महीने के बकाया वेतन का भुगतान आगामी 48 घंटे के भीतर करने पर सहमति बनी है।

5. नई कंपनी में वर्तमान कर्मचारियों को मिलेगी पहली प्राथमिकता।

भविष्य में जब नई कंपनी का चयन किया जाएगा, तब वर्तमान में कार्यरत कर्मचारियों को पहली प्राथमिकता के आधार पर पुनः सेवा में बहाल किया जाएगा, ताकि कर्मचारियों की नौकरी एवं भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

संघ ने बताया कि उपरोक्त सभी बिंदुओं के क्रियान्वयन के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से आदेश जारी किए गए हैं । इन निर्णयों को कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानते हुए संघ ने हड़ताल समाप्त करने की घोषणा की।

इस अवसर पर कर्मचारियों ने झारखंड सरकार एवं स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही आंदोलन के दौरान सहयोग देने वाले राज्य के तमाम मीडिया बंधुओं, भारतीय मजदूर संघ के पदाधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति विशेष धन्यवाद प्रकट किया।

 

बैठक में उपस्थित पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि :

 

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की ओर से प्रशासी पदाधिकारी केवल कृष्ण अग्रवाल, एनजीओ सेल के नोडल पदाधिकारी डॉ. राजीव प्रसाद, डॉ. अरविंद कुमार एवं अवनी प्रसाद उपस्थित रहे।

 

सम्मान फाउंडेशन कंपनी की ओर से निदेशक सुमित बासु, रीजनल मैनेजर योगेश कुमार एवं दीपक कुमार उपस्थित रहे।

 

भारतीय मजदूर संघ की ओर से प्रदेश मंत्री रमाशंकर प्रसाद एवं रांची जिला मंत्री सुबोध कुमार उपस्थित रहे।

 

झारखंड प्रदेश एम्बुलेंस कर्मचारी संघ की ओर से प्रदेश अध्यक्ष नीरज तिवारी, कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश कुमार, कोषाध्यक्ष कुणाल बनर्जी, सचिव रवीन्द्र कुमार, महादेव कुमार, विक्रम पाण्डेय, अशोक कुमार, जयंती बारला, राजेश कुमार, नेहल कुमार, सुरेंद्र कुमार, कृष्णा कुमार, निर्भया राणा, रंजन पांडे, मदन कुमार, रितेश कुमार, सुधीर कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

 

Found this article helpful? Share it:

Share: