PostNxt - Breaking News
Advertisement

SBU में आयोजित नर्सिंग वर्कशॉप में दिए गए मरीजों से देखभाल के टिप्स।

Rajesh Kumar

Rajesh Kumar

Nov 08, 2026 · 8:20 AM
Share:
SBU में आयोजित नर्सिंग वर्कशॉप में दिए गए मरीजों से देखभाल के टिप्स।
Advertisement

 

रांची: शिक्षा के क्षेत्र में सरला बिरला विश्वविद्यालय का बड़ा नाम है। खासकर यहां का नर्सिंग डिपार्टमेंट बेहद खास है। यहां की शैक्षणिक गुणवत्ता उच्च मापदंड के हैं।

ट्रेंड नर्सेज एसोसिएशन ऑफ इंडिया (टीएनएआई), झारखंड राज्य शाखा द्वारा सरला बिरला विश्वविद्यालय एवं महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लिनिकल टेक्नोलॉजी (एमबीआईएनसीटी) के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय नर्सिंग शिक्षा कार्यशाला एवं टीएनएआई के प्रथम राज्य स्तरीय सम्मेलन का आयोजन विश्वविद्यालय सभागार में किया गया। इस आयोजन में झारखंड के विभिन्न नर्सिंग संस्थानों से आए टीएनएआई के सदस्यों एवं नर्सिंग शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यशाला में योग्यता आधारित शिक्षण, अनुकरण आधारित शिक्षण एवं तर्कशक्ति जैसे नर्सिंग शिक्षा के महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा व्याख्यान एवं व्यावहारिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य नर्सिंग शिक्षा में आधुनिक शिक्षण पद्धतियों को प्रोत्साहित करना तथा नर्सिंग शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान और पेशेवर कौशल को विकसित करना था।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के माननीय महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक, माननीय कुलपति प्रो. सी. जगनाथन, प्रशासक श्री आशुतोष द्विवेदी, महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लिनिकल टेक्नोलॉजी की प्राचार्या डॉ. सुबानी बाड़ा सहित टीएनएआई के पदाधिकारी एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

सम्मेलन के दौरान पैलिएटिव केयर पर विशेष सत्र आयोजित किया गया, जिसमें मरीजों की देखभाल एवं उनके जीवन की गुणवत्ता बेहतर बनाने में नर्सिंग सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर चर्चा की गई। इसके अतिरिक्त टीएनएआई की विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा एवं भावी योजनाओं पर विचार-विमर्श के लिए आमसभा की बैठक भी आयोजित की गई।

कार्यक्रम में सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के अंतर्गत समूह नृत्य प्रतियोगिता तथा व्यक्तित्व प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न नर्सिंग संस्थानों से आए प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं के अंत में विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस दो दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता को बेहतर बनाना, नर्सिंग पेशेवरों के कौशल एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करना तथा नर्सिंग समुदाय के बीच आपसी सहयोग, एकजुटता और अनुभवों के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना था। इस सम्मेलन ने नर्सिंग शिक्षकों एवं पेशेवरों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, व्यावहारिक अनुभवों और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में नवीन संभावनाओं पर विचार-विमर्श करने के लिए एक सार्थक मंच प्रदान किया।

एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान एवं राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने इस आयोजन पर आयोजक मंडली को शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।

Found this article helpful? Share it:

Share: