PostNxt - Breaking News
Advertisement

SBU में त्रिभाषीय भौतिकी शब्दावली निर्माण के लिए आयोजित 5 दिवसीय बैठक संपन्न, क्या हुआ इसमें ?

Rajesh Kumar

Rajesh Kumar

Sep 28, 2026 · 7:03 AM
Share:
SBU में त्रिभाषीय भौतिकी शब्दावली निर्माण के लिए आयोजित 5 दिवसीय बैठक संपन्न, क्या हुआ इसमें ?
Advertisement

रांची: यह महत्वपूर्ण समाचार है।सरला बिरला विश्वविद्यालय (SBU )  के भौतिकी विभाग द्वारा भौतिकी की त्रिभाषीय शब्दावली (अंग्रेजी–हिंदी–संथाली) के निर्माण के लिए आयोजित पांच दिवसीय बैठक का समापन हो गया। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली आयोग के प्रायोजन में आयोजित इस बैठक में विषय विशेषज्ञों, भाषा विशेषज्ञों एवं अनुवादकों ने भाग लिया।इस बैठक का उद्देश्य भौतिकी विषय से संबंधित वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दों की अंग्रेजी, हिंदी एवं संथाली भाषाओं में मानकीकृत शब्दावली तैयार करना तथा भारतीय भाषाओं में वैज्ञानिक ज्ञान को अधिक सुलभ एवं व्यापक बनाना था।

इस अवसर पर संथाली भाषा एवं अनुवाद के क्षेत्र के विशेषज्ञ ठाकुर प्रसाद मुर्मू, डॉ. शर्मिला सोरेन, विलियम हांसदा, मीनाक्षी जी. मुर्मू, विन्सेंट मरांडी एवं डॉ. आशा कुमारी सहित विषय विशेषज्ञों ने विभिन्न तकनीकी एवं भाषाई पहलुओं पर गहन विचार-विमर्श किया। बैठक के दौरान भौतिकी के वैज्ञानिक शब्दों के हिंदी एवं संथाली रूपांतरण, उनकी भाषाई उपयुक्तता तथा मानकीकरण से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।इस मौके पर विश्वविद्यालय के महानिदेशक प्रो. गोपाल पाठक ने कहा कि भारतीय भाषाओं में वैज्ञानिक शब्दावली का विकास महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से विद्यार्थियों को अपनी मातृभाषा एवं भारतीय भाषाओं के माध्यम से जटिल वैज्ञानिक विषयों को समझने में सहायता मिलेगी तथा भारतीय भाषाओं में उच्च शिक्षा के विस्तार को गति मिलेगी।

कुलपति प्रो. सी. जगनाथन ने कहा कि वैज्ञानिक एवं तकनीकी ज्ञान को भारतीय भाषाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली आयोग तथा सभी विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि त्रिभाषीय शब्दावली का निर्माण शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उपयोगी संसाधन के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।वैज्ञानिक एवं तकनीकी शब्दावली आयोग के सहायक निदेशक डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने आयोग की ओर से भारतीय भाषाओं में वैज्ञानिक शब्दावली के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी साझा की।

उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय एवं भारतीय भाषाओं में वैज्ञानिक संसाधनों का निर्माण उच्च शिक्षा को अधिक समावेशी एवं सुलभ बनाने में सहायक होगा।बैठक में विषय विशेषज्ञों एवं भाषा विशेषज्ञों के बीच निरंतर संवाद और विचार-विमर्श के माध्यम से भौतिकी की त्रिभाषीय शब्दावली को अधिक वैज्ञानिक, भाषाई रूप से उपयुक्त एवं उपयोगी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक के आयोजन में प्रो वी के सिंह और डॉ नित्या गर्ग का विशेष योगदान रहा।एसबीयू के प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान एवं  राज्यसभा सांसद सह निदेशक, प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने इस अवसर पर शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।

Found this article helpful? Share it:

Share: