रांची: झारखंड से राज्यसभा सांसद और हाल ही में राष्ट्रीय मंत्री बने डॉ प्रदीप कुमार वर्मा को केंद्रीय नेतृत्व यानी भाजपा आलाकमान ने एक और महती जिम्मेदारी दी है। डॉ प्रदीप वर्मा को उत्तर प्रदेश का सह प्रभारी बनाया गया है।
संगठन में प्रतिबद्धता के साथ काम करने वाले डॉ प्रदीप कुमार वर्मा काफी मेहनती और निष्ठावान कार्यकर्ता रहे हैं। यही कारण है कि उन्हें केंद्रीय नेतृत्व बड़ी जिम्मेदारी दे रहा है। साल 2027 में उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव होना है। उत्तर प्रदेश के प्रभारी विनोद तावड़े को बनाया गया है। डॉ प्रदीप कुमार वर्मा और विनोद तावड़े के बीच बहुत अच्छी ट्यूनिंग रही है। प्रदीप वर्मा ने बिहार विधानसभा चुनाव में गज़ब का काम किया है।
हाल ही में डॉ प्रदीप वर्मा को राष्ट्रीय मंत्री का जिम्मा दिया गया है। साल 2024 में डॉ प्रदीप वर्मा राज्यसभा के लिए झारखंड से चुने गए। संगठन पर मजबूत पकड़ रखने वाले डॉ प्रदीप कुमार वर्मा पार्टी के हिन्द के सितारा की तरह हैं।झारखंड में भाजपा के कार्यकर्ता उन्हें बहुत मानते हैं। सम्मान देते हैं। पार्टी के लिए डॉ प्रदीप कुमार वर्मा एक मजबूत स्तंभ हैं। झारखंड भाजपा के अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू ने उन्हें बधाई दी है। बाबूलाल मरांडी ने भी डॉ प्रदीप कुमार वर्मा और अनंत ओझा को बधाई दी है। डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने केंद्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया है।
राजमहल से विधायक रह चुके अनंत ओझा को भी केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश का ही सह प्रभारी बनाया है। उन्हें झारखंड में संगठन में पिछले काफी समय से कोई दायित्व नहीं मिला था।
इधर झारखंड में भी बदलाव आया है। गजेंद्र पटेल को प्रभारी बनाया गया है। बिहार की रहने वाली निवेदिता सिंह और सौरभ सिंह को सह प्रभारी बनाया गया है।

