न्यूज डेस्क: यह चिंता वाली ख़बर है। लोग शराब पीकर मर रहे हैं। ताज़ा ख़बर यह है कि नगालैंड में जहरीली शराब पीने से 19 लोगों की मौत हो गई है। इससे कोहराम मच गया है। राज्य में 1990 से शराब पर पाबंदी लागू है। इसके बावजूद पुलिस ने राज्य में 3,000 बोतलें जब्त की हैं। नगालैंड पुलिस ने बताया कि पिछले दो दिनों में मोकोकचुंग जिले में आठ और तुएनसांग जिले में 11 लोगों की मौत अवैध शराब पीने से हुई है। इसकी पुष्टि हो गई है।
नागालैंड पुलिस ने मिलावटी शराब की सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए एक टीम बनाई है।SSP वेसुप्रा केजो ने शनिवार को बताया कि इन मौतों की जांच करने और मिलावटी शराब के स्रोत और सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (ASP) आई. बुंगलांग चांग की अगुवाई में एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई है। कई जगहों पर छापेमारी चल रही है।
एसएसपी ने कहा, ‘मौत की वजह का पता लगाने के लिए सैंपल फोरेंसिक जांच के लिए गुवाहाटी भेजे गए हैं। हमें कुछ सुराग मिले हैं। लेकिन अभी जानकारी का खुलासा करना जल्दबाजी होगी। मालूम हो कि नागालैंड में 1990 से शराब की बिक्री और सेवन पर प्रतिबंध लगा हुआ है।
पुलिस ने शराब की 3,000 बोतलें जब्त
नगालैंड में जहरीली शराब से लोगों की मौत की घटना सामने आने के बाद पुलिस ने कई जगहों पर छापामारी की। पुलिस ने शराब की करीब 3,000 बोतलें जब्त की हैं और 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। ऐसी आशंका जताई जा रही है कि पड़ोसी राज्यों से इसकी सप्लाई हो रही है। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर बनाया जा रहा है।

