PostNxt - Breaking News
Advertisement

मध्य पूर्व में युद्ध विराम, दुनिया ने ली राहत की सांस

postnxt

postnxt

Apr 08, 2026 · 10:51 AM
Share:
मध्य पूर्व में युद्ध विराम, दुनिया ने ली राहत की सांस
Advertisement

न्यूज डेस्क : यह बजट बड़ी ख़बर है। दुनिया के लिए राहत वाली ख़बर है। जंग थम गई है।अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को कहा कि वे दो हफ्तों के लिए ईरान पर बमबारी रोकने पर सहमत हो गए हैं। यह सहमति उनकी डेडलाइन की रात 8 बजे (भारतीय समयानुसार सुबह 5.30 बजे) की समय सीमा से दो घंटे से भी कम समय पहले बनी। इससे दुनिया ने राहत की सांस ली है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने डेडलाइन पूरी होने पर पूरी सभ्यता को तबाह करने की धमकी दी थी। वाइट हाउस ने कहा है कि इजरायल ने भी इस अस्थायी युद्धविराम पर सहमति जताई है।

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सामने रखी शर्त

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने ट्रुथ सोशल मीडिया पर दो हफ्तों के युद्धविराम समझौते की जानकारी दी और कहा कि यह समझौता इस शर्त पर किया गया है कि ईरान, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से पूरी तरह खोलने पर सहमत हो। ट्रंप की घोषणा पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के उस प्रस्ताव के बाद आई है, जिसमें उन्होंने अमेरिका और ईरान के बीच कूटनीतिक बातचीत के लिए संघर्ष-विराम का सुझाव दिया था।

पाकिस्तान से बातचीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप का ऐलान

US के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, ‘पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ और फील्ड मार्शल असीम मुनीर के साथ हुई बातचीत के आधार पर- जिसमें उन्होंने मुझसे अनुरोध किया था कि मैं आज रात ईरान भेजे जा रहे विनाशकारी बल को रोक लूं- और इस शर्त पर कि इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य को पूरी तरह, तुरंत और सुरक्षित रूप से खोलने पर सहमत हो, मैं दो हफ्ते की अवधि के लिए ईरान पर बमबारी और हमले को रोकने पर सहमत हूं। यह एक दो-तरफा युद्धविराम होगा।’

डोनाल्ड ट्रंप ने बताया निर्णायक समझौते की दिशा में कदम

युद्धविराम की वजह बताते हुए ट्रंप ने आगे कहा, ‘ऐसा करने का कारण यह है कि हमने अपने सभी सैन्य उद्येश्यों को पहले ही पूरा कर लिया है और उनसे आगे भी निकल गए हैं। साथ ही हम ईरान के साथ दीर्घकालिक शांति और मध्य-पूर्व में शांति सुनिश्चित करने वाले एक निर्णायक समझौते की दिशा में काफी आगे बढ़ चुके हैं।’

इजरायल भी हमले रोकने पर सहमत हो गया है

डोनाल्ड ट्रंप ने आगे लिखा कि अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर यह उनके लिए गर्व की बात है कि एक लंबे समय से चली आ रही यह समस्या अब समाधान के बेहद करीब है। व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की तरफ से किए गए दो हफ्ते के सीजफायर का इजरायल भी हिस्सा है। अधिकारी ने बताया कि इजरायल भी बातचीत जारी रहने तक बमबारी रोकने पर समहत हो गया है।

इस सीज़फायर से दुनिया भर में राहत महसूस की जा रही है। हॉर्मूज स्ट्रेट खुलने से LPG और पेट्रोलियम पदार्थ की आपूर्ति सुनिश्चित हो पाएगी। भारत के लिए भी यह राहत वाली ख़बर है।

#Middleeastwar #Ceasefire #Hormuz #USA #Iran #Israel #India

Found this article helpful? Share it:

Share: