PostNxt - Breaking News
Advertisement

होली के मद्देनजर ट्रेन की विशेष सुविधा देने की मांग, प्रदीप वर्मा ने रेल मंत्री को लिखा पत्र

postnxt

postnxt

Feb 04, 2026 · 10:39 PM
Share:
होली के मद्देनजर ट्रेन की विशेष सुविधा देने की मांग, प्रदीप वर्मा ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
Advertisement

 

न्यूज डेस्क: झारखंड भाजपा के वरिष्ठ नेता राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर होली पर्व के अवसर पर रांची एवं हटिया से देश के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेन सेवाएं प्रारंभ करने की मांग की है।

डॉ. प्रदीप वर्मा ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि रांची झारखंड की राजधानी होने के साथ-साथ सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र है। शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा, व्यापार तथा पर्यटन सहित विभिन्न कारणों से बड़ी संख्या में लोग रांची से देश के अलग-अलग हिस्सों की यात्रा करते हैं। ऐसे में रांची एवं हटिया रेलवे स्टेशन राज्य के यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण आवागमन केंद्र के रूप में कार्य करते हैं।

उन्होंने कहा कि होली जैसे बड़े त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या में स्वाभाविक रूप से अत्यधिक वृद्धि होती है। वर्तमान में उपलब्ध ट्रेन सेवाएं इस अतिरिक्त दबाव को संभालने में पर्याप्त सिद्ध नहीं हो पाती हैं, जिससे यात्रियों को भारी भीड़, लंबी प्रतीक्षा सूची, असुविधा एवं अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।

डॉ. प्रदीप वर्मा ने सुझाव दिया है कि होली के अवसर पर रांची/हटिया से जम्मू, एर्नाकुलम, अहमदाबाद, इंदौर, प्रयागराज, सिकंदराबाद, नई दिल्ली, गोरखपुर, बीकानेर, लखनऊ एवं जयपुर जैसे प्रमुख गंतव्यों के लिए विशेष ट्रेन सेवाएं अथवा अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएं। उन्होंने कहा कि इन सेवाओं के प्रारंभ होने से यात्रियों को सुविधा मिलेगी तथा त्योहार के दौरान यात्रा व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सकेगी।

उन्होंने यह भी कहा कि इस पहल से न केवल यात्रियों का दबाव संतुलित होगा, बल्कि पर्यटन, व्यापार एवं क्षेत्रीय विकास को भी बढ़ावा मिलेगा। साथ ही यह कदम भारतीय रेलवे की जनहित एवं यात्री सुविधाओं के प्रति संवेदनशीलता को भी प्रदर्शित करेगा। उन्होंने रेल मंत्रालय से इस मांग पर सकारात्मक एवं सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह किया है, जिससे झारखंड सहित पूरे क्षेत्र के यात्रियों को बड़ी राहत मिल सके।

#Railwayminister #JharkhandBjp #Trainservices #PradipVarma #Specialtrainservices

Found this article helpful? Share it:

Share: