PostNxt - Breaking News
Advertisement

देवघर से बिहार जा रही कांवरियों की बस ट्रक से टकराई, 3 की मौत, 15 गंभीर

@karishma

@karishma

Aug 14, 2026 · 12:33 PM
Share:
देवघर से बिहार जा रही कांवरियों की बस ट्रक से टकराई, 3 की मौत, 15 गंभीर
Advertisement

 

 

कोडरमा: देवघर से बिहार जा रही कांवरियों से भरी एक बस शुक्रवार की सुबह सतगावां थाना क्षेत्र में हादसे का शिकार हो गई। देवघर-नवादा मुख्य मार्ग पर पोखरडीहा मोड़ के पास बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई। हादसे में एक बच्चे समेत तीन कांवरियों की मौत हो गई, जबकि करीब 15 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों का इलाज सदर अस्पताल कोडरमा में चल रहा है।

 

जानकारी के मुताबिक, बस करीब चार दिन पहले नेपाल से कांवरियों को लेकर देवघर पहुंची थी। गुरुवार रात बस बासुकीनाथ से राजगीर, बिहार के लिए निकली थी। शुक्रवार की सुबह पोखरडीहा मोड़ के पास बस चालक को अचानक झपकी आ गई। इसके बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई कांवरिया बस के अंदर फंस गए।

 

हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सतगावां थाना प्रभारी बबलू कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल कांवरियों को सदर अस्पताल कोडरमा रेफर कर दिया गया।

 

बताया गया कि बस में करीब 45 कांवरिया सवार थे। हादसे में 10 वर्षीय शिवम कुमार की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं दो अन्य घायलों ने सदर अस्पताल ले जाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हादसे की वजह चालक को नींद आने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Found this article helpful? Share it:

Share: