PostNxt - Breaking News
Advertisement
Premium Placement

Grow Your Brand with PostNxt Media

Advertise Here

देवघर के मधुपुर में मंदिर जीर्णोद्धार को लेकर बाधा पहुंचाने से हिंसा भड़की

postnext

postnext

Jan 15, 2026 · 11:30 PM
Share:
देवघर के मधुपुर में मंदिर जीर्णोद्धार को लेकर बाधा पहुंचाने से हिंसा भड़की
Promoted Story

Reach 5 Million Readers Monthly Across Our Networks

Place your business advertisement on India's fastest-growing news portal.

Get Media Kit

न्यूज डेस्क : यह बड़ी ख़बर है। यह चिंताजनक भी है।देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत लालगढ़ मोहल्ले में गुरुवार को उस समय सांप्रदायिक तनाव फैल गया, जब काली मंदिर के जीर्णोद्धार कार्य को लेकर दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प हो गई।इस घटना में दोनों पक्षों से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से नौ घायलों को इलाज के लिए मधुपुर अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। मौके पर मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस पहुंची। इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई। पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है। पुलिस पूरे घटनाक्रम पर पैनी नजर रखे हुए है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कैंप कर रही है।

देवघर जिला के लालगढ़ मोहल्ले में स्थित करीब सौ वर्ष पुराना काली मंदिर एक ओर से झुक गया था, जिसके कारण उसका जीर्णोद्धार और प्लास्टर का कार्य कराया जा रहा था। यहां मुस्लिम अधिक संख्या में रहते हैं।मंदिर के मरम्मत कार्य को लेकर मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने आपत्ति जताई, जिससे विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई।

जानकारी के अनुसार बुधवार रात को इस मुद्दे पर कहासुनी के बाद पथराव की घटना हुई, जिससे दूसरे पक्ष के लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर किसी तरह स्थिति को शांत कराया गया। हालांकि गुरुवार सुबह एक बार फिर माहौल बिगड़ गया। विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट और पथराव हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस दोबारा घटनास्थल पर पहुंची और मधुपुर थाना, पथरौल थाना, बुढई थाना तथा मारगोमुंडा थाना की पुलिस टीमें मौके पर तैनात कर दी गईं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल हालात काबू में हैं, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती जारी है।

मालूम हो कि यह काली मंदिर एक छोटा मंदिर है, जिसे स्थानीय कुछ परिवार अपनी कुलदेवी का स्थान मानते हैं। मंदिर के मरम्मत और निर्माण कार्य को लेकर  विरोध ने धीरे-धीरे सांप्रदायिक रूप ले लिया और मामला हिंसक झड़प तक पहुंच गया। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इधर बीजेपी नेताओं ने हेमन्त सरकार पर तुष्टिकरण का आरोप लगाया है।

Found this article helpful? Share it:

Share: